UP Corona: उत्तर प्रदेश में 24 घंटे में Covid के 251 नए केस दर्ज, एक महीने में 10% बढ़ी एक्टिव मरीजों की संख्या

लोकल

उत्तर प्रदेश में अब कोरोना के मामलों में तेजी से इजाफा हो रहा है और राज्य में संक्रमण के नए मामले भी लगातार बढ़ रहे हैं. सरकार से मिली जानकारी के मुताबिक राज्य में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 251 नए मामलों की पुष्टि हुई है जबकि एक दिन पहले ही सूबे में 193 मामले सामने थे. गौतमबुद्धनगर में 61, लखनऊ में 49, गाजियाबाद में 34, मथुरा में 13 और मेरठ और प्रयागराज में 11-11 केस मिले.
इससे पहले एक दिन में इतने केस यूपी में मई और जून के महीने में ही मिल रहे थे. यानि करीब छह महीने बाद फिर इतनी बड़ी संख्या में कोरोना केस मिलने लगे हैं. कोराना संक्रमण किस तेजी से फैल रहा है इसका अंदाजा इससे भी लगता है कि बीते पांच दिनों में संक्रमितों का आंकड़ा करीब छह गुना बढ़ गया है.
वहीं, प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 13 लाख 37 हजार 59 कोरोना टीकों की डोज लगाई गई है. जिसके बाद 20 करोड़ का आंकड़ा पार हो चुका है. राज्य के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि राज्य में 24 घंटे में 01 लाख 83 हजार 401 कोरोना के सैंपल की जांच की गई है. इस दौरान 29 लोगों ने कोरोना को मात दी है और उन्हें अस्पतालों से डिस्चार्ज कर दिया गया है. जबकि राज्य में नए मामले आने के बाद कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 862 तक पहुंच गई है. जो पिछले महीने 30 नवंबर को महज 89 थी. यानी महज एक महीने के भीतर राज्य में संक्रमितों की संख्या में दस गुना इजाफा हुआ है.
प्रदेश में बढ़ते कोरोना के हालातों के मद्देनजर, योगी सरकार के अपर मुख्य सचिव ने सभी प्रदेशवासियों से कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने की अपील की है. और सार्वजनिक जगहों पर मास्क लगाने और कम से कम घर से बाहर निकले की सलाह दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *