टेस्ट टीम की कमान किसके हाथ जाएगी इसको लेकर लगातार चर्चा तेज हो रही. इसी बीच Indian Cricket Team के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री (Ravi Shashtri) के अनुसार जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) भारतीय टीम के कप्तान के रूप में अच्छे विकल्प नहीं होंगे. शोएब अख्तर के साथ बातचीत करते हुए शास्त्री ने कहा कि एक तेज गेंदबाज के लिए टीम की अगुवाई करना काफी मुश्किल काम होता है.
पूर्व क्रिकेटर के मुताबिक एक फास्ट बॉलर तब अच्छा कप्तान साबित हो सकता है, जब वह बॉलिंग ऑलराउंडर हो, जैसे कपिल देव या इमरान खान थे. उन्होंने कहा कि या फिर वह गेंदबाज बॉब विलिस की तरह का कप्तान हो, जो हमेशा गेम में रहे और आक्रामक नजर आए.
शास्त्री के अनुसार बहुत कम ही ऐसा देखने को मिलता है कि एक तेज गेंदबाज लंबे समय तक टीम की अगुवाई कर सके. हाल ही में शोएब अख्तर ने टीम मैनेजमेंट को बुमराह को बतौर कप्तान तैयार करने की सलाह दी थी.
विराट कोहली के 15 जनवरी को टेस्ट क्रिकेट की कप्तानी छोड़ने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में बुमराह ने कहा था कि अगर उनकी टीम की कप्तानी सौंपी जाती है तो यह उनके लिए गर्व की बात होगी.
बता दें कि, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मैच में जब विराट कोहली चोटिल हो गए थे, तब केएल राहुल ने कप्तानी की थी और जसप्रीत बुमराह को उप-कप्तान बनाया गया था. टीम इंडिया में 2021 टी20 वर्ल्ड कप से ही कप्तानी को लेकर विवाद चल रहा है.
विराट ने टी20 वर्ल्ड कप से ठीक पहले कहा कि वह इस टूर्नामेंट के बाद इस फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ देंगे लेकिन वनडे और टेस्ट टीम की कमान संभाले रखेंगे. दक्षिण अफ्रीकी दौरे से पहले बीसीसीआई ने रोहित शर्मा को वनडे टीम की कप्तानी भी सौंप दी. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज 1-2 से गंवाने के बाद विराट ने टेस्ट कप्तानी भी छोड़ दी.
