New Delhi:-पैसों के दम पर दुनिया में कुछ भी किया जा सकता है, यह बात एक बार फिर साबित हो गई है. दुनिया के दूसरे सबसे बड़े रईस और दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनी Amazon के फाउंडर जेफ बेजोस (Jeff Bezos) अब खबरों में इसलिए हैं क्योंकि उन्होंने तैयार करवाया है एक सुपरयाट (समंदर में चलने वाला जहाज), यह याट इतना लंबा है कि इसको रास्ता देने के लिए नीदरलैंड के ऐतिहासिक ब्रिज को तोड़ा जाएगा. बेजोस खुद इसका खर्च दे रहे हैं.
बुधवार को नीदरलैंड के तटीय शहर रॉटरडम की स्थानीय सरकार ने खुलासा किया कि बेजोस की 43 करोड़ यूरो की आलीशान नाव को रास्ता देने के लिए 144 साल पुराने कोनिंग्सहेवन ब्रिज (Koningshaven Bridge) का एक हिस्सा गिराया जाएगा. इस खूबसूरत ब्रिज को 1878 में बनाया गया था. दूसरे विश्व युद्ध के दौरान नाजियों ने इस पर बमबारी की थी और इसे दोबारा बनाया गया था.
बता दें कि जेफ बेजोस का यह याट 417 फीट लंबा है. इसका कोड नेम Y721 है. यह याट 40 मीटर ऊंचा है. एक अनुमान के मुताबिक, इसमें बेजोस के 500 मिलियन डॉलर खर्च हुए हैं. रॉटरडैम के मेयर ने बताया कि यह समुद्र का एकमात्र रास्ता है जहां से याट जा सकता है. इसलिए ब्रिज को हटाने में जो भी खर्च आएगा बेजोस उसके लिए भुगतान भी करेंगे. हालांकि, बहुत से लोग इस ब्रिज के तोड़े जाने का विरोध भी कर रहे हैं.
जेफ बेजोस दुनिया में दूसरे सबसे अमीर इंसान हैं. वो अपने महंगे लाइफस्टाइल के लिए जाने जाते हैं. उनकी कुल संपत्ति 175.8 बिलियन डॉलर है. पिछले साल तो उन्होंने अपनी स्पेस कंपनी ब्लू ओरिजिन से पहली पैसेंजर फ्लाइट से स्पेस की यात्रा भी की थी. 10 मिनट के करीब उन्होंने धरती के बाहर स्पेस में बिताए थे.
