विष्णुदेव साय : लगातार 4 बार रहे MP, 2019 में नहीं मिला टिकट, अब BJP ने दी छत्तीसगढ़ CM की कुर्सी

राजनीति

Chhattisgarh New CM Vishnu Deo Sai : भाजपा विधायक दल की बैठक में विष्‍णुदेव साय के नाम पर मुहर लगाई गई है. विष्‍णुदेव साय ने अपना राजनीतिक सफर सरपंच से शुरू किया था.

छत्तीसगढ़ में नए मुख्‍यमंत्री का इंतजार खत्‍म हो गया है. भाजपा विधायक दल की बैठक में विष्‍णुदेव साय के नाम पर मुहर लगाई गई है. विष्‍णुदेव साय ने अपना राजनीतिक सफर सरपंच से शुरू किया था. भाजपा ने मुख्‍यमंत्री के कई दावेदारों के बीच उन्‍हें छत्तीसगढ़ के सीएम के लिए चुना है. चार बार के सांसद और केंद्रीय मंत्री रहे साय का परिवार लंबे समय से राजनीति से जुड़ा रहा है. आइए जानते हैं साय के सरपंच से सीएम तक के राजनीतिक सफर को :

🔹विष्‍णुदेव साय पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के करीबी हैं. रमन सिंह 2003 से 2018 तक छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रहे हैं. साथ ही साय को आरएसएस का भी करीबी माना जाता है.

🔹विष्णुदेव साय ने एक गांव के सरपंच से अपना सियासी करियर शुरू किया था. इसके बाद वह सियासत में तेजी से आगे बढ़े. 2014 में केंद्र में भाजपा की पूर्ण बहुमत सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली मंत्रिपरिषद के सदस्य बने.

🔹आदिवासी बहुल जशपुर जिले के एक छोटे से गांव बगिया के एक किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले विष्णुदेव साय के खून में राजनीति है. उनके दादा स्वर्गीय बुधनाथ साय 1947 से 1952 तक मनोनीत विधायक थे. उनके ‘बड़े पिता जी’ (उनके पिता के बड़े भाई) स्वर्गीय नरहरि प्रसाद साय जनसंघ के सदस्य थे और दो बार ( 1962-67 और 1972-77) विधायक रहे. इसके बाद सांसद (1977-79) बने और जनता पार्टी की सरकार में राज्य मंत्री बने.

🔹उनके पिता के दूसरे बड़े भाई स्वर्गीय केदारनाथ साय भी जनसंघ के सदस्य थे और तपकारा से विधायक (1967-72) थे.

🔹विष्णु देव साय ने कुनकुरी के एक सरकारी स्कूल में पढ़ाई की और स्नातक की पढ़ाई के लिए अंबिकापुर चले गए, लेकिन बीच में ही पढ़ाई छोड़कर 1988 में अपने गांव लौट आए. 1989 में, उन्हें बगिया ग्राम पंचायत के ‘पंच’ के रूप में चुना गया और अगले साल वह निर्विरोध सरपंच बन गए.

🔹ऐसा माना जाता है कि भाजपा के दिग्गज नेता दिवंगत दिलीप सिंह जूदेव ने उन्हें 1990 में चुनावी राजनीति में आने के लिए प्रोत्साहित किया था. उसी साल साय अविभाजित मध्य प्रदेश में तपकरा (जशपुर जिले में) से भाजपा के टिकट पर पहली बार विधायक चुने गए. 1993 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से दोबारा जीत हासिल की. 1998 में उन्होंने पास की पत्थलगांव सीट से विधानसभा चुनाव लड़ा, लेकिन जीत नहीं पाए. बाद में वह लगातार चार बार – 1999, 2004, 2009 और 2014 – रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद चुने गए. हालांकि, भाजपा ने उन्हें 2003 और 2008 के विधानसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ के पत्थलगांव से मैदान में उतारा, लेकिन वह दोनों बार चुनाव हार गए.

 

🔹2014 में पीएम मोदी के नेतृत्व में केंद्र में बीजेपी की सरकार बनने के बाद साय को इस्पात और खनन राज्य मंत्री बनाया गया था. वह छत्तीसगढ़ के उन 10 भाजपा सांसदों में से थे, जिन्हें 2019 के लोकसभा चुनावों के लिए टिकट देने से इनकार कर दिया गया था.

🔹उन्होंने 2006 से 2010 तक और फिर जनवरी-अगस्त 2014 तक भाजपा के छत्तीसगढ़ प्रमुख के रूप में जिम्मेदारी निभाई. 2018 में राज्य में भाजपा की हार के बाद उन्हें 2020 में फिर से छत्तीसगढ़ में पार्टी का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी दी गई. विधानसभा चुनाव से ठीक एक साल पहले 2022 में उनकी जगह ओबीसी नेता अरुण साव को ले लिया गया.

🔹इस साल नवंबर में चुनावों से पहले साई को जुलाई में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य बनाया गया. चुनाव में उन्हें कुनकुरी सीट से मैदान में उतारा गया, जहां उन्होंने कांग्रेस के मौजूदा विधायक यूडी मिंज को 25,541 वोटों के अंतर से हराकर जीत हासिल की.

 

🔹छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के बाद आज आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से साय को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया. भाजपा विधायकों की बैठक में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने साय के नाम का प्रस्ताव किया, जिसका प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव और वरिष्ठ नेता बृजमोहन अग्रवाल ने समर्थन किया.

 

छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) में पूर्व केंद्रीय मंत्री विष्‍णुदेव साय (Vishnu deo Sai) को मुख्यमंत्री पद के लिए विधायक दल की बैठक में चुना गया है. विष्‍णुदेव साय की गिनती छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ आदिवासी नेताओं में होती है. भाजपा नेताओं ने बताया कि रविवार को पार्टी पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों के दल ने साय को अपना नेता चुना. उन्होंने बताया कि राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने साय के नाम का प्रस्ताव किया तथा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव और वरिष्ठ नेता बृजमोहन अग्रवाल ने उनका समर्थन किया. विष्‍णुदेव साय को पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह का करीबी बताया जाता है.

 

विष्णुदेव साय को मुख्यमंत्री पद के लिए चुने जाने के बाद जब उनसे पूछा गया कि वह पहला कौनसा काम करेंगे. तो उन्होंने बताया, “छत्तीसगढ़ में (प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत) 18 लाख आवास को मंजूरी देना नयी सरकार का पहला काम होगा. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के रूप में, मैं सरकार के माध्यम से (प्रधानमंत्री) मोदी की गारंटी (भाजपा के चुनाव पूर्व वादे) को पूरा करने का प्रयास करूंगा.”

उन्होंने कहा, “मुझ पर भरोसा करने के लिए पार्टी और नवनिर्वाचित सदस्यों का मैं आभारी हूं. मैं पूरी ईमानदारी के साथ सभी के भरोसे पर खरा उतरने की कोशिश करूंगा.”

बता दें, रायपुर में नव निर्वाचित विधायकों की दोपहर बाद बैठक आयोजित की गई जिसमें पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, सर्बानंद सोनोवाल तथा पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम उपस्थित थे.

 

पार्टी के नेताओं ने बताया कि भाजपा के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित इस बैठक में प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, केंद्रीय मंत्री और चुनाव सह प्रभारी डॉक्टर मनसुख मांडविया, भाजपा संगठन सह प्रभारी नितिन नबीन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह भी मौजूद थे. पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि बैठक में सर्वसम्मति से साय को भाजपा विधायक दल का नेता चुन लिया गया. मुख्यमंत्री पद के लिए साय के नाम की घोषणा होने के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने साय का स्वागत किया.

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 90 में से 54 सीट जीती हैं. पिछले चुनाव 2018 में 68 सीट जीतने वाली कांग्रेस इस बार 35 सीट पर सिमट गई है. गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (जीजीपी) राज्य में एक सीट जीतने में कामयाब रही.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *