New delhi:-सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे (Army Chief Gen MM Naravane) ने भारत के समक्ष चीन और पाकिस्तान की ओर से पेश सुरक्षा चुनौतियों पर विचार व्यक्त करते हुए कहा है कि हमें इसमें भविष्य के संघर्षों के कुछ अंश दिख रहे हैं और हमारे विरोधी अपने रणनीतिक लक्ष्यों को हासिल करने के प्रयास जारी रखेंगे.
सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे ने कहा है कि चीन को उसके ऐक्शन के आधार पर ही जवाब दिया जाएगा. सेना प्रमुख ने वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर चीनी सैनिकों की तरफ से किए जा रहे आधारभूत ढांचे के निर्माण को लेकर चिंता जताई. सेना प्रमुख ने कहा की यदि वे एलएसी पर टिकेंगे तो हम भी वहां डटे रहने के लिए तैयार हैं.
चीन की तरफ से हाल ही में एलएसी पर लद्दाख में भारत के साथ हुए टकराव से जुड़े सवाल के जवाब में सेना प्रमुख ने कहा कि उत्तरी सीमा पर क्या-क्या हुआ है इस बारे में विदेश मंत्रालय ने सबकुछ साफ कर दिया है. चीन के साथ टकराव की प्रमुख वजह चीन की तरफ से बड़े पैमाने पर किया जा रहा निर्माण कार्य रहा और पूर्व में निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन न करना रहा.
भारतीय और चीनी सैनिक पिछले हफ्ते अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में यांग्त्से के पास कुछ देर के लिए आमने-सामने आ गए थे. बाद में इसे तय प्रोटोकॉल के अनुसार दोनों पक्षों के स्थानीय कमांडरों के बीच बातचीत के बाद सुलझाया गया. सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. यह नोंकझोंक उस वक्त हुई जब चीनी गश्ती दल ने भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश की. भारत ने चीन की पीपुल्स लिब्रेशन आर्मी (पीएलए) के सैनिकों को वापस भेज दिया गया.
