इलाहाबाद विश्वविद्यालय (Allahabad University) के असिस्टेंट प्रोफेसर विक्रम हरिजन (Vikram Harijan) ने भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के खिलाफ एक्स (पूर्व ट्विटर) पर विवादित पोस्ट किया है। उन्होंने 22 अक्टूबर यानी रविवार को अपने एक्स अकाउंट पर लिखा-“यदि आज प्रभु श्रीराम होते तो मैं ऋषि शंभुक का वध करने के लिए उनको IPC की धारा 302 के तहत जेल भेजता और यदि आज श्रीकृष्ण होते तो महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न के केस के लिए उन्हें भी मैं जेल में भेजता।” आपको बता दें कि विक्रम Allahabad University में मध्यकालीन इतिहास के असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। उनके इस पोस्ट के बाद (विश्व हिंदू परिषद)विहिप, हिंदू जागरण मंच और बजरंग दल के कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। उन्होंने विक्रम हरिजन के खिलाफ कर्नलगंज थाने में लिखित तहरीर दी है। इसके बाद पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

तीनों संगठनों ने विक्रम हरिजन की ओर से की गई टिप्पणी की कड़े शब्दों में निंदा की है और सामाजिक शांति को भंग करने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि विक्रम हरिजन की ओर से लगातार ऐसे ट्वीट किए जाते रहते हैं। इससे विद्यार्थियों और समाज में आक्रोश है। कर्नलगंज थाने के इंस्पेक्टर गोविंद यादव ने बताया कि विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की तहरीर पर प्रो. विक्रम हरिजन के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है।
जहां एक ओर डॉ हरिजन का कहना है कि उन्होंने जो भी कहा वह संविधान के दायरे में रह कर कहा है वहीं दूसरी तरफ विहिप के जिला संयोजक शुभम ने कहा, ‘‘भारतीय संविधान अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता देता है, लेकिन विक्रम हरिजन जैसे व्यक्ति सामाजिक अशांति फैलाने के लिए इसका फायदा उठा रहे हैं. वे इस बात से अनजान हैं कि संविधान ऐसी टिप्पणी करने की अनुमति नहीं देता है जो देश की सुरक्षा और लोक व्यवस्था को खतरे में डाल सकती है.”
