Tejashwi Yadav News: बिहार में आज 1 लाख 20 हजार बीपीएससी शिक्षक अभ्यर्थियों को एक साथ नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। आज इसके लिए गांधी मैदान में विशेष व्यवस्था की गई है। वहीं इससे पहले इन अभ्यर्थियों के लिए दिशानिर्देश भी जारी किए गए हैं। गांधी मैदान के आसपास सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती की गई है।

आज बिहार नौकरी के मामले में एक रिकॉर्ड कायम करने जा रहा है। दरअसल, आज एक लाख 20 हजार 336 शिक्षकों को एक साथ औपबंधिक नियुक्ति पत्र दिया जाएगा। नियुक्ति पत्र बांटे जाने से पहले बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने बड़ा संदेश दिया है।
तेजस्वी यादव ने दिया बड़ा संदेश
तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने अपने x हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा कि ”बिहार में आज का दिन ऐतिहासिक है। आज बिहार में एक दिन, एक साथ, एक विभाग में रिकॉर्डतोड़ 𝟏 लाख 𝟐𝟎 हजार से अधिक युवाओं को नौकरी का नियुक्ति पत्र मिलेगा। यह तो अभी शुरुआत है। महागठबंधन की बिहार सरकार में मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में हम अपने नौकरी, सामाजिक न्याय के साथ समावेशी विकास, आर्थिक न्याय, समता और सौहार्द के सभी वादों को पूरा कर रहे है।जय हिंद! जय बिहार!”
बीजेपी के लोग अब ईडी की रेड करवाएंगे
तेजस्वी यादव ने कहा कि जिस तरह से हमलोग लाखों छात्रों को नियुक्ति दे रहे हैं। ऐसे में अब बीजेपी वाले को यह बर्दाश्त नहीं होगा क्योंकि वह अपने शासन काल में तो हजार लोगों को भी नौकरी नहीं दे पाए। अब हम दे रहे हैं तो ईडी और इमकम टैक्स विभाग वाले को रेड मारने के लिए भेजेंगे।
गांधी मैदान में कार्यक्रम में नहीं शामिल होने को बताया अफवाह
वहीं इससे पहले बुधवार को जापान से नई दिल्ली लौटे तेजस्वी यादव ने मीडिया को संबोधित करते हुए स्पष्ट कर दिया कि वह दो नवंबर को पटना के गांधी मैदान में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में वे उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि जनता का ध्यान असली मुद्दे से हटाने के लिए भाजपा लगातार दुष्प्रचार कर रही है।
यह राज्य सरकार की बड़ी उपलब्धि है: तेजस्वी यादव
तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने कहा कि भाजपा ने नौकरी के नाम पर युवाओं-बेरोजगारों को धोखा दिया है। वहीं, महागठबंधन सरकार अपने वायदे पूरे कर रही है। यह राज्य सरकार की बड़ी उपलब्धि है कि मात्र छह महीने के भीतर एक लाख 20 हजार युवाओं को नौकरी मिलने जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग में जल्द होगी बहाली
तेजस्वी यादव ने एक और बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि शिक्षकों के और सवा लाख पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू है। इससे पहले बिहार पुलिस में 70 हजार युवाओं को नौकरी दी गई। जल्द ही स्वास्थ्य विभाग में भी बहाली की प्रक्रिया शुरू होगी। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा युवाओं को तलवार दे रही है, हम कलम दे रहे हैं। भाजपा को कुछ बोलना है।
