भारत में कोरोना वायरस (Corona virus) की रफ्तार में मामूली कमी नज़र आयी है. मंगलवार को जारी हुए सरकारी आंकड़ों के मुताबिक़, पिछले 24 घंटे में 2 लाख 55 हजार 874 नए केस दर्ज हुए. जो बीते दिन के मुकाबले क़रीब 50 हजार 190 कम मामले सामने आए. यानि लगभग 5 दिन बाद देश में कोरोना के दैनिक मामले 3 लाख से कम रिकॉर्ड किए गए. हालांकि, बीते 24 घंटे में 614 कोरोना मरीजों (Covid Patient) की सांसें थम गईं. राहत की बात ये है कि 2 लाख 67 हजार 753 लोग इस वायरस से ठीक भी हुए है
बहराल, देश में एक्टिव मरीजों (Active Cases) की संख्या अभी भी 22 लाख 36 हजार 842 पर बनी हुई है. वहीं, देश में जारी टीकाकरण अभियान भी अपनी रफ्तार बनाए हुए है. अब तक कुल 162 करोड़ 92 लाख से ज्यादा लोगों को कोरोना वैक्सीन लग गई है.
देश की राजधानी दिल्ली की बात करें तो, सोमवार को कोरोना संक्रमण के मामलों में हल्की गिरावट दर्ज की गई. जिसके बाद अब यहाँ पॉजिटिविटी रेट गिरकर 11.79% हो गया है जो कि एक दिन पहले 13 फीसदी थी. पिछले 24 घंटे में राजधानी में 5760 नए मामले सामने आए जिसके बाद यहां संक्रमितों का कुल आंकड़ा बढ़कर 17,97,471 हो गया. जबकि पिछले 24 घंटों में 30 मरीजों की कोरोना से मौत हो गई जिसके बाद इस वायरस की वजह से जान गंवाने वालों का आंकड़ा बढ़कर 25,650 हो गया.
