SC on PM Security Breach: पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूक (PM Security Breach) के मामले में सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) ने बुधवार को एक पांच सदस्यीय जांच कमेटी बनाई है. जिसकी अध्यक्षता पूर्व जस्टिस इंदु मल्होत्रा (Indu Malhotra) करेंगी. ये जांच कमेटी सुरक्षा में हुई चूक के सभी पहलुओं की पड़ताल करने के अलावा भविष्य में ऐसी घटनाओं के दोहराव से बचने के उपाय भी सुझाएगी. मामले की सुनवाई करते हुए CJI ने कहा कि इस तरह के गंभीर मामले की एकतरफा जांच नहीं हो सकती.
सुप्रीम कोर्ट की कमेटी में पूर्व जज इंदु मल्होत्रा के अलावा पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल , DG एनआईए या उनकी तरफ से नामित कोई IG रैंक का अधिकारी शामिल हैं. चंडीगढ़ पुलिस के DG और पंजाब के ADGP को भी शामिल किया गया है.
सुप्रीम कोर्ट ने पीएम मोदी की सुरक्षा में चूक के मामले में फैसला सुनाते हुए कहा एकतरफा जांच के दोषारोपण को दूर करने के लिए जांच समिति बनाई गई है. सुप्रीम कोर्ट ने कहा कमेटी अपनी रिपोर्ट जल्द से जल्द दायर करेगी.
बता दें कि, इस मामले में केंद्र व पंजाब सरकार की ओर से अलग-अलग कमेटी गठित की गई थी, लेकिन दोनों को एक-दूसरे की कमेटी पर भरोसा नहीं था. मामला सुप्रीम कोर्ट में पहुंचा. जहां केंद्र ने कहा था मामले में कार्रवाई उसकी जांच कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर की जाए. केंद्र का कहना था कि वह जांच पूरी करके रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट को सौंप देगा, उसकी समीक्षा करके कार्रवाई की जा सकती है.
इस पर पंजाब सरकार ने आपत्ति जताई थी, कहा था कि केंद्र की ओर से बनाई गई समिति में एनएसजी व अन्य केंद्रीय अधिकारी भी शामिल हैं। इसलिए उसे उसकी कमेटी पर विश्वास नहीं है। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने दोनों कमेटियों पर रोक लगाते हुए अपनी तरफ से एक कमेटी गठित करने का फैसला लिया था.
