महंगाई ने मानो चारों तरफ से हमला किया है. पेट्रोल-डीजल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, CNG भी पिछले 6 महीनों में 30% से ज्यादा महंगी हो गई है, खाने-पीने की चीजों के दाम भी बढ़े हैं. 1 अप्रैल से हाईवे पर सफर करने के लिए आपको जेब ज्यादा ढीली करनी होगी. नेशनल हाईवे पर सफर गुरुवार रात 12 बजे से महंगा हो जाएगा. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने टोल टैक्स में 10 से 65 रुपये तक की बढ़ोतरी की है.
टोल टैक्स में हुई इस बढ़ोतरी के बाद अब नेशनल हाइवे पर सफर करना पहले के मुताबले महंगा हो जाएगा. टैक्स में यह बढ़ोतरी छोटे और कॉमर्शियल दोनों तरह के वाहनों पर लागू होगी. छोटे वाहनों के लिए 10 से 15 रुपये जबकि कामर्शियल वाहनों के लिए 65 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है.
इस बढ़ोतरी के बाद अब आपको राजधानी दिल्ली से मेरठ तक के सफर के लिए 140 रुपये की बजाय 155 रुपये का टोल टैक्स चुकाना होगा. बता दें कि विभिन्न प्रकार के वाहनों के लिए टोल टैक्स में 10-15 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है.
NHAI के प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने ये कहा
NHAI के परियोजना निदेशक एनएन गिरी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है. दिल्ली को जोड़ने वाले हाईवे पर कारों और जीपों के टोल टैक्स में ₹10 की बढ़ोतरी की गई है. सबसे ज्यादा बढ़ोतरी बड़े वाहन के टोल में की गई है. इनमें से वन-वे टोल में ₹65 की बढ़ोतरी की गई है.
