एक पाकिस्तानी महिला मंगलवार को वाघा-अटारी बॉर्डर के रास्ते भारत अपने मंगेतर से शादी करने पहुंची हैं.
अंग्रेज़ी अख़बार द हिंदुस्तान टाइम्स की ख़बर के अनुसार, ये महिला कराची की रहने वाली है और उनके मंगेतर कोलकाता में रहते हैं.
जावेरिया ख़ानम को भारत में रहने के लिए 45 दिनों का वीज़ा मिला है.
जावेरिया की शादी अगले साल जनवरी में समीर ख़ान से होने जा रही है. जब वह अटारी बॉर्डर पर पहुंचीं तो समीर और उनके परिवार ने जावेरिया का ढोल बजाकर स्वागत किया.
मीडिया से बातचीत में जावेरिया ने बताया कि कोरोना महामारी ने करीब पांच साल तक उनकी योजनाओं पर रोक लगा दी. उनका वीज़ा दो बार रिजेक्ट हुआ.

जावेरिया ने कहा, “मुझे 45 दिनों का वीज़ा मिला है. मैं यहां आकर बहुत ख़ुश हूं. जनवरी के पहले सप्ताह में शादी विधिपूर्वक होगी.”
उन्होंने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, “मेरे लिए ये सुखद अंत और सुखद शुरुआत जैसा है. मेरे घर में सब खुश हैं. मुझे यकीन नहीं आ रहा कि पांच साल के इंतज़ार के बाद आख़िरकार मुझे वीज़ा मिल गया.”
वहीं, समीर ख़ान बताते हैं कि उन्होंने अपनी मां के फ़ोन पर जावेरिया की तस्वीर देखने के बाद ही उनसे शादी करने का फ़ैसला कर लिया था.
उन्होंने कहा, “इसकी शुरुआत साल 2018 में हुई थी….मैं जर्मनी से पढ़ाई पूरी करने के बाद घर लौटा था. मैंने उनकी (जावेरिया) तस्वीर अपनी मां के फ़ोन में देखी और रुचि ज़ाहिर की. मैंने अपनी मां से कहा कि मैं जावेरिया से शादी करना चाहता हूं.”
पिछले कुछ समय में प्यार में सरहद पार करने वाले ऐसे कई जोड़े चर्चा में रह चुके हैं. इसकी शुरुआत तब हुई जब सीमा हैदर नाम की पाकिस्तानी महिला नेपाल से होते हुए भारत आईं ताकि वह नोएडा में रहने वाले सचिन मीणा से शादी कर सकें. इन दोनों का रिश्ता एक बड़ी बहस की वजह बना.
दोनों फिलहाल नोएडा में ही रह रहे हैं. सीमा अपने बच्चों को भी साथ लाई हैं.
इसके बाद इसी साल जुलाई महीने में अंजू नाम की भारतीय महिला फ़ेसबुक के ज़रिए बने अपने दोस्त नसरुल्लाह से शादी करने के लिए पाकिस्तान चली गईं. हालांकि, अंजू हाल ही में वाघा बॉर्डर होते हुए भारत लौट आई हैं.
