‘India’ alliance meeting: तीन नेताओं के पीछे हटने के बाद ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक टली

देश राजनीति

‘India’ alliance meeting : विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ की आज यानी छह दिसंबर को होने वाली बैठक इस महीने के आख़िर में होगी.

अंग्रेज़ी अख़बार टाइम्स ऑफ़ इंडिया की ख़बर के अनुसार इस गठबंधन के तीन नेताओं ने बैठक में आने में असमर्थता दिखाई थी, जिसके बाद इसकी तारीख को आगे बढ़ा दिया गया है.

 

ख़बर में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बीमार हैं, टीएमसी चीफ़ ममता बनर्जी ने कहा है कि वह परिवार की एक शादी में व्यस्त हैं और तमिलनाडु सीएम एमके स्टालिन ने भी राज्य में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए बैठक में शामिल होने में असमर्थता दिखाई है.

हालांकि, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की सख्त टिप्पणियां और बैठक में शामिल न होने का फ़ैसला और इस बैठक के टलने को लेकर कई तरह के कयास भी लगाए जा रहे हैं. अख़बार ने लिखा है कि बैठक के टलने को गठबंधन के अन्य सदस्यों की ओर से कांग्रेस को उसके एकतरफ़ा फ़ैसले से पीछे हटाने की कवायद के तौर पर भी देखा जा सकता है.

गठबंधन के दो सदस्यों के करीबी सूत्रों के हवाले से अख़बार ने लिखा है कि कमलनाथ की अखिलेश यादव को लेकर की गई टिप्पणियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं.

कांग्रेस चीफ़ मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यालय की ओर से दी जानकारी के अनुसार इंडिया गठबंधन के संसदीय पार्टी नेताओं की समन्वय बैठक छह दिसंबर को कांग्रेस चीफ़ के आवास पर होगी और सहयोगी दलों के प्रमुख नेताओं की बैठक दिसंबर के तीसरे सप्ताह में किसी ऐसी तारीख पर होगी, जो सबके लिए सुलभ हो.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *