14 जनवरी…14 राज्य…6200 KM…कांग्रेस की ईस्ट टू वेस्ट भारत न्याय यात्रा

देश राजनीति

Congress Bharat Nyay Yatra : कांग्रेस ने भारत जोड़ो यात्रा पार्ट-2 निकालने की घोषणा की है। यह यात्रा इंफाल से लेकर मुंबई तक 6200 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।

Congress Bharat Nyay Yatra : देश में अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर कांग्रेस और एक्टिव हो गई है। कांग्रेस ने एक बार फिर ईस्ट टू वेस्ट यात्रा निकालने का ऐलान किया है। भारत जोड़ो यात्रा की तरह इस बार भारत न्याय यात्रा निकाली जाएगी। मणिपुर के इंफाल से 14 जनवरी को कांग्रेस की भारत न्याय यात्रा की शुरुआत होगी, जोकि 20 मार्च को मुंबई में जाकर समाप्त हो जाएगी।

कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बुधवार को मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि कांग्रेस की भारत न्याय यात्रा 14 जनवरी से लेकर 20 मार्च तक चलेगी। इस यात्रा के तहत 6200 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। 14 राज्यों के 85 जिलों से गुजरने वाली यात्रा में राहुल गांधी लोगों से बात करेंगे। मणिपुर, नागालैंड, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और अंत में महाराष्ट्र राज्यों से होकर भारत न्याय यात्रा गुजरेगी।

मल्लिकार्जुन खड़गे रवाना करेंगे भारत न्याय यात्रा

बताया जा रहा है कि भारत जोड़ो यात्रा का यह सेकंड पार्ट है। इस बार भारत न्याय यात्रा बस से निकलेगी और रास्ते में कई जगहों पर नेता पैदल भी चलेंगे। इस यात्रा को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। आपको बता दें कि इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा निकली थी. 7 सितंबर 2022 को कन्याकुमारी से निकली यह यात्रा 30 जनवरी 2023 को श्रीनगर में खत्म हुई थी। इस दौरान 130 दिनों तक चलने वाली यात्रा से 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों को कवर किया गया था।

यात्रा से लोगों की समस्या सुनेंगे कांग्रेसी

कांग्रेस की भारत न्याय यात्रा ऐसे समय निकलने वाली है, जब 2024 में लोकसभा चुनाव है। इस यात्रा से चुनाव प्रचार तेज होने की उम्मीद है। यात्रा जिन राज्यों से गुजरेगी, वहां के लोगों से राहुल गांधी और पार्टी के वरिष्ठ नेता वार्ता करेंगे और उनकी समस्याओं को सुनेंगे। अब बड़ा सवाल उठता है कि क्या इंडिया गठबंधन के सहयोगी दल भी इस यात्रा में शामिल होंगे या नहीं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *