India win Under-19 World Cup: भारतीय टीम ने इतिहास रचते हुए 5 वीं बार अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब जीत लिया है. टीम इंडिया ने इंग्लैंड टीम को चार विकेट से पटखनी दी है. इसी के साथ भारतीय टीम ने पांचवी बार ट्रॉफी अपने नाम कर ली है. इंग्लैंड ने टॉस जीतकर सबसे पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया. लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने एक भी अंग्रेज खिलाड़ी टिक नहीं पाया. गेंदबाज राज बावा और रवि कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए इंग्लैंड की टीम को 189 के स्कोर पर ऑल आउट कर दिया. बावा ने 9.5 ओवर में 31 रन देकर पांच विकेट लिये, जबकि बायें हाथ के तेज गेंदबाज रवि कुमार ने 34 रन देकर चार विकेट चटकाए.
इंग्लैंड की ओर से सिर्फ जेम्स रियू ही एक मोर्चा संभाल पाए और उन्होंने 95 रनों की पारी खेली. उनके अलावा कोई दूसरा बल्लेबाज बड़ा स्कोर बनाने से चूक गया. इंग्लैंड ने फाइनल मुकाबले में 189 रन बनाए थे और भारत को 190 रनों का लक्ष्य मिला था. भारत के लिए निशांत सिद्धू और शेक रशीद ने अर्धशतक जड़े. टीम इंडिया ने 47.4 ओवर में ही 6 विकेट खोकर 195 रन बना लिए. दिनेश बाना ने छक्का जड़कर भारत को विश्व विजेता बना दिया.
बीसीसीआई ने की पैसों की बारिश
वेस्टइंडीज में इंग्लैंड को हराकर रिकॉर्ड पांचवीं बार अंडर 19 वर्ल्ड कप जीतने वाले भारतीय टीम के हर सदस्य के लिए बीसीसीआई ने 40 लाख रूपए और सहयोगी स्टाफ के लिए 25 लाख रूपए पुरस्कार की घोषणा की है. बोर्ड सचिव जय शाह ने फाइनल में भारत की चार विकेट से जीत के तुरंत बाद ट्वीट किया, ‘अंडर 19 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करके खिताब जीतने वाले अंडर 19 टीम के सदस्यों को बीसीसीआई 40- 40 लाख रूपये नकद पुरस्कार और सहयोगी स्टाफ को 25 . 25 लाख रूपए देगा. आपने हमें गौरवान्वित किया है.’
भारत ने पांचवीं बार जीता खिताब
भारत की अंडर-19 टीम ने यश धुल की कप्तानी में पांचवीं बार खिताब अपने नाम किया है. इससे पहले साल 2000 में भारत ने मोहम्मद कैफ, साल 2008 में विराट कोहली, 2012 में उनमुक्त चंद, पृथ्वी शॉ की कप्तानी में 2018 में भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड कप जीता था. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 44.5 ओवरों में 189 रन बनाए, जिसमें जेम्स रेव ने सबसे ज्यादा 95 रनों की पारी खेली. भारत के लिए शानदार गेंदबाजी करते हुए राज बावा ने पांच विकेट और रवि कुमार ने चार विकेट चटकाए.
