महाराष्ट्र में कोरोना वायरस (Maharashtra Covid 19) ने एक बार फिर से कहर बरपाना शुरू कर दिया है. शनिवार को महाराष्ट्र सरकार के 10 मंत्री (10 Minister Corona positive) और 20 से अधिक विधायक कोविड संक्रमित पाए गए हैं. राज्य के डिप्टी सीएम अजीत पवार (Deputy CM Ajit Pawar) ने इस बात की जानकारी दी है. उन्होंने आगे बताया कि, सूबे में कोरोना मरीज़ों की तादाद में इज़ाफा देखने को मिल रहा है. जिसके मद्देनजर, सरकार को और प्रतिबंध लगाने पड़ सकते हैं.
पवार बोले कि, कड़े प्रतिबंधों से बचने के लिए हर व्यक्ति को कोरोना नियमों का पालन करना चाहिए. वहीं मुंबई में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 5,631 नये मामले सामने आए. पिछले दिन के मुकाबले संक्रमण के नये मामलों में 53 फीसदी की तेजी दर्ज की गई है. ये जानकारी बीएमसी के अधिकारियों ने दी है. मुंबई में बीते 24 घंटे के दौरान महामारी से एक मरीज की मौत भी हुई.
वहीं नये मामलों के सामने आने के साथ मुंबई में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 7,85,110 हो गयी है. जबकि अब तक कुल 16,376 मरीजों की मौत हो चुकी है. राज्य में ओमिक्रोन वेरिएंट से अबतक 454 लोग संक्रमित पाए गए हैं. लोगों को संक्रमण से रोकने के लिए टास्क फोर्स के साथ बैठकें हो रही हैं.
