PM Modi Morbi Civil Hospital Visit: गुजरात के मोरबी हादसे के बाद से वहां के सिविल अस्पताल (Morbi Civil Hospital) की कई तस्वीरें इंटरनेट पर वायरल हो रही हैं. इन तस्वीरों में रातोंरात अस्पताल की कायापलट करने की कोशिश की गई है. जानते हैं क्यों.? क्योंकि यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) आ रहे थे….मोदी को उन पीड़ितों से मुलाकात करना थी , जो 140 से ज्यादा जान लील जाने वाले पुल गिरने के भयावह हादसे में घायल हुए हैं. गुजरात चुनाव प्रचार में बिज़ी पीएम मोदी ने हादसे के 2 दिन बाद घायलों और मृतकों के परिजनों से मिलने का बा-मुशकिल समय निकाला. क्योंकि, पीएम कल गुजरात मे थे… और वहां होने के बावजूद मोरबी अस्पताल नहीं गए.
क्योंकि, अगर चले जाते तो शायद अस्पताल की खस्ता हालत कैमरों में कैद हो जाती. इसीलिये मोदी के मोरबी दौरे से पहले अस्पताल के बेड और गद्दे बदल गए, नई चमचमाती टाइल्स लगा दी गईं. दीवारों का रंग -रोगन हो गया, नए वॉटर कूलर लग गए, फर्श से छत तक की सफाई हो गई, पंखे और टेबल बदल दिए गए. ये सब कुछ एक रात में युद्ध स्तर पर किया गया. गुजरात का कथित विकास रातभर काम में लगा रहा, आखिर गुजरात मॉडल की इज्जत का जो सवाल था. अब इस तरह अस्पताल की रात के अंधेरे में रंगाई-पुताई किए जाने पर विपक्षी दलों ने प्रधानमंत्री मोदी की कड़ी आलोचना की है. विपक्ष कह रहा है कि देख लीजिए गुजरात मॉडल कैसा है.
कांग्रेस ने तंज कसते हुए इसे त्रासदी का इवेंट कहा. कांग्रेस ने ट्वीट करते हुए लिखा कि ‘कल PM मोदी मोरबी के सिविल अस्पताल जाएंगे. उससे पहले वहां रंगाई-पुताई का काम चल रहा है. चमचमाती टाइल्स लगाई जा रही हैं. PM मोदी की तस्वीर में कोई कमी न रहे, इसका सारा प्रबंध हो रहा है. इन्हें शर्म नहीं आती! इतने लोग मर गए और ये इवेंटबाजी में लगे हैं. तो वहीं आप आमदी पार्टी भी इस मुद्दे पर प्रदेश की बीजेपी सरकार और पीएम मोदी पर टूट पड़ी.
आम आदमी पार्टी के विधायक सौरभ भारद्वाज ने ट्वीट किया, ”किसी के घर में मृत्यु हो जाए तो रंगाई पुताई करवाता है? अस्पताल के अंदर 134 लाशें पड़ी हैं और हॉस्पिटल की रंगाई पुताई का काम चल रहा है.” भारद्वाज के ट्वीट को दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने रीट्वीट करते हुए लिखा, ”27 साल में भाजपा ने सरकारी अस्पतालों में कोई काम नहीं किया. आज प्रधानमंत्री जी के दौरे के समय देश, गुजरात के अस्पतालों का सच, 27 साल की भाजपा की नाकामी का सच न देख ले, इसलिए लाशों के बीच, मातम के माहौल में भी रंगाई पुताई की जा रही है. बेहद शर्मनाक है ये सब.”
