Attack on Imran khan: पाकिस्तान की राजनीति में एक बार फिर से खूनी खेल शुरू हो गया है. गुरूवार को पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान (Imran khan) की रैली में ताबड़तोड़ गोली चलाईं गईं. पाक मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, गोलीबारी में इमरान समेत कम से कम 4 लोग घायल हुए हैं. डॉन न्यूज टीवी ने बताया कि, इमरान खान लाहौर (Lahore) से इस्लामाबाद के लिए मार्च निकाल रहे थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने वजीराबाद में अल्लाह हूं चौक के पास पीटीआई अध्यक्ष के कंटेनर पर गोलियां चला दीं. हालांकि हमले में इमरान खान बाल-बाल बचे हैं, लेकिन उन्हें काफी गंभीर चोटें आई हैं.
जियो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक इमरान खान भी जख्मी हुए हैं और उनके पैर में गोली लगी है. उनकी दाईं टांग पर पट्टी बंधी देखी गई है. हमले के बाद कंटेनर से उतारकर इमरान खान को बुलेट प्रूफ कार से ले जाकर अस्पताल में एडमिट कराया गया है. जबकि, हमलावरों को पकड़ लिया गया है. हमले के बाद पीटीआई प्रमुख इमरान खान का बयान आया है और उन्होंने अल्लाह का शुक्रिया अदा किया है. इमरान खान ने कहा कि अल्लाह ने मुझे नई जिंदगी दी है. मैं दोबारा लड़ूंगा.
बता दें कि, पाकिस्तान की पूर्व पीएम बेनजीर भुट्टो पर भी इसी तरह एक रैली में आत्मघाती हमला हुआ था, जिसमें वह बुरी तरह जख्मी हुई थीं और उनकी मौत हो गई थी. फिलहाल उनके बेटे बिलावल भुट्टो ही पाकिस्तान सरकार में विदेश मंत्री हैं. और इसी सरकार के खिलाफ इमरान खान ने आंदोलन छेड़ रखा है.
