Delhi Airport News: दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGIA) पर पिछले कई दिनों से भारी भीड़ जुटने की वजह से अफरा तफरी का माहौल देखने को मिल रहा है. जिससे यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है. लोगों को अपनी उड़ान से 3-4 घंटे पहले एयरपॉर्ट पर पहुंचने के निर्देष दिए जा रहे हैं. सरकार लगातार दावा कर रही है कि, इस भीड़ को कम करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.
अब इसी मामले को लेकर मिनिस्टर ऑफ सिविल एविएशन ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा है कि, दिल्ली हवाईअड्डे (Delhi Airport) पर यात्रियों की भारी भीड़ ‘अप्रत्याशित’ थी. यात्रियों की सभी बाधाओं और समस्याओं को दूर करने के प्रयास किए गए हैं. इस भीड़ की वजह से पिछले दो दिनों में अव्यवस्था पैदा हुई थी. इस सभी से निपटने के लिए कई एहतियातन कदम उठाए जा रहे हैं. हालांकि अभी भी स्थिति सामान्य होने में सात से 10 दिन का समय लगेगा.
मंत्री ने कहा कि कल, इंडिगो (Indigo) और एयर इंडिया (Air India) सहित कई एयरलाइनों ने यात्रियों को उड़ान के समय से 3 से 4 घंटे पहले पहुंचने के लिए कहा था. गौरतलब है कि मंगलवार को इंडिगो और एयर इंडिया सहित कई एयरलाइनों ने यात्रियों को उड़ान के समय से तीन से चार घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंचने के लिए कहा था.
उन्होंने कहा कि प्रमुख हवाईअड्डों पर भीड़भाड़ कम करने के लिए सभी एजेंसियां पिछले 24-36 घंटों से मुस्तैद हैं. टर्मिनल-3 के प्रवेश द्वार और चेक-इन काउंटरों पर भीड़ कम हो गई है. चार अतिरिक्त एक्स-रे मशीनें लगाई गई हैं, प्रतीक्षा समय के बारे में बताने के लिए डिस्प्ले बोर्ड लगाए गए हैं. सीआईएसएफ कर्मियों की तैनाती पहले ही शुरू हो चुकी है, और अगले कुछ दिनों में इसमें वृद्धि होगी.
सिंधिया ने एक लिंक्डइन पोस्ट में कहा कि इन उपायों को बेंगलुरु और मुंबई हवाईअड्डों पर भी लागू किया जाएगा. उन्होंने कहा कि घरेलू यात्री आवागमन को कोविड से पहले के स्तरों को पार करते हुए देखना खुशी की बात है. हर दिन एक नया रिकॉर्ड बन रहा है. यानी क्षमता (लोड फैक्टर) उपयोग 95 प्रतिशत से अधिक हो गया है.
उन्होंने इस स्थिति को विमानन क्षेत्र और उसमें काम कर रहे लोगों के लिए अच्छा बताया. मंगलवार को घरेलू एयरलाइंस ने करीब 4.12 लाख यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाया.
इससे पहले दिल्ली और अन्य हवाई अड्डों पर यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार करने की शिकायतें बढ़ने के बीच एयरलाइन कंपनियों ने उनसे जल्दी पहुंचने, वेब जांच करवाने और तेज गति से कामकाज के निपटारे के लिए केवल एक हैंडबैग साथ रखने को कहा. देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने यात्रियों से घरेलू उड़ानों के लिए निर्धारित समय से 3.5 घंटे पहले दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंचने को कहा.
अधिकारियों ने स्थिति से निपटने के लिए व्यस्ततम समय के दौरान उड़ानों की संख्या कम करने सहित एक कार्ययोजना बनाई. हवाई अड्डे के टर्मिनलों पर यात्रियों की भारी भीड़ का हवाला देते हुए स्पाइसजेट ने यात्रियों को सलाह जारी की है कि वे जल्दी पहुंचें और केवल सात किलोग्राम तक का एक से अधिक हैंड बैग न ले जाएं.
