
अफगानिस्तान ने पाकिस्तान को 8 विकेट से हराते हुए इतिहास रच
दिया। मैच के बाद से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में इरफान पठान (Irfan Pathan) राशिद खान (Rashid Khan) के साथ डांस करते दिख रहे हैं।
ये वर्ल्ड कप 2023 का तीसरा बड़ा उलटफेर रहा। इससे पहले अफगानिस्तान ने इंग्लैंड को हराया था। अफगानिस्तान की जीत के बाद फैंस के रोंगटे खड़े हो गए। जीत के बाद खिलाड़ी खुशी से झूम उठे, लेकिन यहां एक खास बात रही। जीत के बाद भारत के पूर्व स्टार ऑलराउंडर और कमेंटेटर इरफान पठान भी जमकर नाचे। वह राशिद खान के साथ खुशी में कदम थिरकाते नजर आए। इरफान का ये रिएक्शन तेजी से वायरल हो रहा है।
इरफान ने खुद ये वीडियो शेयर करते हुए लिखा- ‘और मैंने अपना वादा पूरा किया। राशिद खान ने मुझसे कहा कि वे फिर से जीतेंगे और मैंने उनसे कहा कि मैं फिर से डांस करूंगा।’ किसी विश्व कप में पहली बार अफगानिस्तान की टीम दो मैच जीती है। वहीं, वनडे में पहली बार पाकिस्तान को अफगानिस्तान के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है। अब पाकिस्तान की टीम लगातार तीन मैच हार चुकी है।
अफगानिस्तान ने पॉइंट टेबल पर लगाई बड़ी छलांग
अफगानिस्तान ने दूसरा उलटफेर करने के साथ ही पॉइंट टेबल में बड़ी छलांग लगाई है। अब यह टीम 6वें स्थान पर आ गई है, जबकि डेफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड की टीम आखिरी स्थान पर पहुंच गई है। इन तीन उलटफेर ने अंक तालिका और सेमीफाइनल के समीकरण काफी बदल गए हैं।
