डंकी’ का असली प्रमोशन इवेंट दुबई में होने वाला है. बाकी फर्ज़ी वाला जयपुर में ऑर्गनाइज़ होने वाला था. रेड चिलीज़ तक मामला पहुंचा और उन्होंने बोला कि हमें अपने में मत मिलाइए.

Dunki रिलीज़ को तैयार है. Shah Rukh Khan के मैदान पर उतरे बिना प्रमोशन फुल धड़ल्ले से चल रहा है. हालांकि जयपुर के सर्कल में खबर चल पड़ी कि शाहरुख, तापसी पन्नू और विकी कौशल फिल्म को प्रमोट करने आने वाले हैं. ये बात शाहरुख की प्रोडक्शन कंपनी Red Chillies Entertainment तक भी पहुंची. उन्होंने इस इवेंट वाले नोटिस को अपने सोशल मीडिया पर शेयर कर फर्ज़ी बताया. साफ सरल शब्दों में उन्होंने कहा कि ये सवारी इस सामान के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. रेड चिलीज़ ने अपने कैप्शन में लिखा,
रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट के नाम से ‘डंकी’ के लिए एक फर्ज़ी प्रमोशन इंवाइट घूम रहा है. कहा जा रहा है कि ये इवेंट 23 दिसम्बर 2023 को जयपुर के GT मॉल में होगा. ये पूरी तरह से गलत है और रेड चिलीज़ या फिल्म की कास्ट से जुड़ा कोई भी शख्स इसे सपोर्ट नहीं करता. हमारी सभी से रिक्वेस्ट है कि इसमें हिस्सा ना लें. अगर कोई इवेंट होता भी है तो हम उसकी आधिकारिक घोषणा करेंगे.
नोटिस में क्या लिखा था, अब वो बताते हैं. रेड चिलीज़ की छाप के साथ प्रिंट हुए नोटिस में लिखा था कि ‘डंकी’ के प्रमोशन के लिए GT मॉल में इवेंट किया जाएगा. लिखा गया कि इस इवेंट की शुरुआत ITC राजपूताना में होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस से होगी. शाहरुख खान, तापसी पन्नू और विकी कौशल प्रमोशन एक्टिविटी के लिए मॉल पहुंचेंगे. ये प्रमोशन एक्टिविटी 30 मिनट से ज़्यादा नहीं चलेगी. पुलिस और सुरक्षा के तमाम बंदोबस्त किए गए हैं. ऐसी सभी बातें लिखी गई जिन्हें देखकर लगे कि ये असली ही होगा. फिलहाल ये बात सामने नहीं आई है कि इस इवेंट के बहाने पैसे ठगे जा रहे थे या नहीं. रेड चिलीज़ ने भी साफ नहीं किया कि वो क्या एक्शन लेने वाले हैं.

बाकी ‘डंकी’ के असली प्रमोशन इवेंट की बात करें तो 19 दिसम्बर की रात दुबई में एक इवेंट रखा जाएगा. शाहरुख खान खुद दुबई के ग्लोबल विलेज नाम के थीम पार्क पहुंचेंगे. ग्लोबल विलेज के यूट्यूब चैनल ने इसका प्रोमो भी शेयर किया है. बताया जा रहा है कि इवेंट के दौरान ‘डंकी’ का ट्रेलर भी प्रदर्शित किया जाएगा. शाहरुख अपनी फिल्मों को लेकर दुबई आते रहे हैं. ‘जवान’ की रिलीज़ से पहले भी शाहरुख, एटली और अनिरुद्ध रविचंदर दुबई पहुंचे थे. बता दें कि ‘ज़ीरो’ के समय भी शाहरुख ने दुबई के ग्लोबल विलेज में इवेंट रखा था.
‘डंकी’ 21 दिसम्बर को सिनेमाघरों में उतर रही है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 16 दिसम्बर से इंडिया में फिल्म की एडवांस बुकिंग भी शुरू होने वाली है. ‘डंकी’ में शाहरुख के साथ तापसी पन्नू, विकी कौशल, अनिल ग्रोवर और बोमन ईरानी जैसे एक्टर्स नज़र आएंगे.
