Dunki से क्लैश की हड़बड़ाहट में रिलीज़ से दो दिन पहले जोड़ा गया ‘सलार’ का पहला गाना?

मनोरंजन

Salaar के फर्स्ट सिंगल Sooreede की सिंगर का इंटरव्यू वायरल. रवि बसरूर ने एक हफ्ते पहले अप्रोच किया. रिलीज़ से दो दिन पहले रिकॉर्ड हुआ गाना.

Dunki और Salaar के क्लैश ने दोनों पार्टियों की सांस रोके रखी है. कोई डिस्ट्रिब्यूटर्स के साथ मीटिंग कर रहा है, तो कोई अपनी फिल्म में ऐन वक्त पर चीज़ें जोड़ रहा है. ताजा मामला Prabhas की पिक्चर से जुड़ा हुआ है. हाल ही में फिल्म का पहला गाना रिलीज़ किया गया है. इस गाने का टाइटल हर भाषा में अलग-अलग है. इसलिए अपन सिर्फ तेलुगु वर्ज़न का नाम बताते हैं क्योंकि मामला उसी से जुड़ा हुआ है. ‘सलार’ के पहले गाने का नाम है Sooreede. इस गाने की सिंगर Harini Ivaturi का एक इंटरव्यू वायरल हो रहा है. इसमें वो बता रही हैं कि उन्हें ये गाना उन्होंने रिलीज़ से दो दिन पहले रिकॉर्ड किया है. इस बात से फैन्स ‘सलार’ के मेकर्स पर नाराज़ हो रहे हैं. उनका कहना है कि मेकर्स इतनी हड़बड़ाहट में लास्ट मोमेंट पर चीज़ें क्यों कर रहे हैं.

हरिणी इवातुरी ने 10.TV (टेन डॉट टीवी) नाम के चैनल को एक इंटरव्यू दिया. इसमें वो बता रही हैं कि फिल्म के म्यूज़िक कंपोज़र रवि बसरूर ने उन्हें एक हफ्ते पहले इस गाने के लिए अप्रोच किया था. और रिलीज़ से दो-तीन दिन पहले उन्होंने वो गाना रिकॉर्ड किया. एक सोशल मीडिया यूज़र ने उनके इंटरव्यू का ये चंक सोशल मीडिया पर डाला. उनका कहना था कि मेकर्स ने रिलीज़ से एक हफ्ते पहले ये गाना रिकॉर्ड किया, मतलब ये शुरुआती प्लानिंग का हिस्सा नहीं था. ऐसा क्या है, जो ‘सलार’ के मेकर्स जनता से छुपा रहे हैं. उनके इस पोस्ट पर तमाम तरह की प्रतिक्रियाएं आने लगीं. लोगों ने कहा कि प्रशांत नील इसी तरह से काम करते हैं. वो अपनी फिल्मों का फाइनल कट भी रिलीज़ के कुछ ही दिन पहले तैयार करते हैं. ऐसे में फैन्स को मेकर्स के ऊपर इस तरह के आक्षेप नहीं लगाने चाहिए.

 

फैलते-फैलते ये क्लिप हरिणी तक पहुंच गई. उन्होंने इस पोस्ट के कमेंट बॉक्स में लिखा-

“मैंने ये नहीं कहा कि ये गाना ऐन वक्त पर फिल्म में जोड़ा. मेरे कहे का गलत मतलब मत निकालिए. मैंने कहा कि ये गाना मैंने पिछले हफ्ते गाया. इसे उससे काफी पहले कंपोज़ किया जा चुका था. इसलिए प्लीज़ अपने हिसाब से इन बातों का निष्कर्ष मत निकालिए. और प्लीज़ अपने इस पोस्ट में बदलाव करिए. तथ्य डालिए निष्कर्ष नहीं.”

 

हिंदी में इस गाने को ‘सूरज ही छांव बनकर’ नाम से रिलीज़ किया गया. इसे लिखा है रिया मुखर्जी ने. कंपोज़ किया है रवि बसरूर ने. और गाया है मेनुका पौडेल ने. हालांकि ये पहली दफा नहीं है, जब ‘सलार’ के मेकर्स पर आखिरी समय पर फिल्म में चीज़ें जोड़ने का आरोप लगा है. पिछले दिनों खबर आई थी कि मेकर्स ने फिल्म में एक आइटम नंबर जोड़ा है. उस गाने में ‘गदर 2’ फेम एक्टर सिमरत कौर नज़र आने वाली हैं. तब मेकर्स पर ये आरोप लगे थे कि वो फिल्म का बज़ बढ़ाने के लिए इस तरह की चीज़ें कर रहे हैं. क्योंकि ‘सलार’ में ऐसे गाने नहीं थे, जिन्हें प्रमोशंस में इस्तेमाल किया जा सके. और अब ये नया मामला सामने आया है. प्रशांत नील के काम करने का यही तरीका है या वो ‘डंकी’ से क्लैश के चक्कर में इस तरह की चीज़ें कर रहे हैं, ये मेकर्स के अलावा किसी को नहीं पता.

सलार’ में प्रभास के साथ पृथ्वीराज सुकुमारन, श्रुति हासन, जगपति बाबू और टीनू आनंद जैसे एक्टर्स काम कर रहे हैं. इस फिल्म को प्रशांत नील ने डायरेक्ट किया है. ‘सलार’ 22 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही है. ‘डंकी’ इससे एक दिन पहले यानी 21 दिसंबर को थिएटर्स में लग रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *