WHO ने यूरोपीय देशों को चेताया, कहा- जल्द आ सकता है कोरोना वायरस का एक और बड़ा तूफान

विदेश

दुनिया भर में बड़ी तेजी से फैल रहे कोरोना वायरस (Corona Virus) के ओमिक्रॉन वेरिएंट (Omicron Variants) को लेकर एक बार फिर विश्व स्वास्थ्य संगठन (World Health Organization) ने चेतावनी जारी की है. यूरोप में डब्ल्यूएचओ के शीर्ष अधिकारी ने सरकारों को ओमिक्रॉन वेरिएंट के पूरे महाद्वीप में बढ़ने की आशंका को लेकर पहले से ही तैयार रहने के संकेत दिए हैं.
डब्ल्यूएचओ के स्थानीय निदेशक डॉक्टर हैंस क्लूज (Dr. Hans Kluge) ने वियना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि हम एक और तूफान को आते हुए देख सकते हैं.
क्लूज बोले कि आने वाले कुछ ही सप्ताह में कोरोना वायरस का ओमिक्रॉन वेरिएंट अधिकतर देशों में अपने पैर पसार लेगा. इससे पहले ही बुरे दौर से गुजर रही ज्यादातर देशों की स्वास्थ्य सुविधाएं फिर से प्रभावित हो सकती हैं.
क्लूज ने बताया कि यूरोप के करीब 40 से ज्यादा देशों में इस संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है. जिनमें से ब्रिटेन (Britain), डेनमार्क (Denmark) और पुर्तगाल (Portugal) में ये काफी तेजी से फैलता दिख रहा है.
डब्ल्यूएचओ के शीर्ष अधिकारी ने संकेत दिए कि कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों से एक बार फिर अस्पतालों पर भारी दबाव आ सकता है.
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह भर में ही यूरोप में कोरोना वायरस से 27 हजार लोगों की मौत हुई थी. यही नहीं, इस दौरान, 26 लाख अतिरिक्त मामले भी रिकॉर्ड किए गए. यहां गौर करने लायक बात ये है कि इन मामलों में सभी वेरिएंट्स का डाटा शामिल है. जो बीते साल इस समय के मुकाबले 40 फीसदी ज्यादा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *