Mallikarjun Kharge Appointed As New President of Congress: देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस (Congress) में नए युग की शुरूआत हो गई है. जिसे अब खड़गे युग कहा जाएगा. पार्टी अध्यक्ष के लोकतांत्रिक चुनाव को भारी मतों से जीतने के बाद बुधवार को गैर गांधी और साऊथ के सबसे बड़े दलित नेता मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) की बतौर कांग्रेस अध्यक्ष ताजपोशी हो गई है. इस मौके पर पार्टी मुख्यालय 24 अकबर रोड पर सोनिया गांधी (Sonia gandhi), राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और पार्टी के तमाम बड़े नेता मौजूद रहे. अध्यक्ष पद संभालने के बाद मल्लिकार्जुन खड़गे ने पहली बार बतौर कांग्रेस अध्यक्ष नेताओं को संबोधित किया. जिसमें उन्होंने इस पद तक पहुंचाने के लिए अपनी पार्टी को धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि, सत्ता की राजनीति के दौर में सोनिया गांधी ने त्याग की जो मिसाल कायम की है उसका कोई दूसरा उदाहरण नहीं है.
उन्होंने कहा कि ये दौर मुश्किल है. लोकतंत्र को बदलने की कोशिश की जा रही है. किसने सोचा था कि कभी झूठ का बोलबाला होगा. सत्ता में बैठे लोग लोकतंत्र को कमजोर करेंगे. झूठ, फरेब और नफरत के इस जाल को हम तोड़ कर रहेंगे. कांग्रेस 137 सालों से लोगों के जीवन का हिस्सा है. मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने संबोधन में आगे कहा कि आज एक मजदूर का बेटा कांग्रेस का अध्यक्ष बना है. यह मेरे लिए भावुक क्षण है. यह सम्मान देने के लिए आप सबका धन्यवाद. कांग्रेस सभी पुराने अध्यक्षों को याद करते हुए मैं आपको भरोसा दिलाना चाहता हूं कि अपने मेहनत और अनुभव से जो कुछ भी संभव होगा, मैं करूंगा और आपको भी पूरी ताकत के साथ लड़ना होगा. यही मेरी अपील है.
भाजपा के कांग्रेस मुक्त भारत के नारे पर तंज कसते हुए खड़गे ने कहा- अपने मुताबिक नया भारत बनाने के नाम पर वे कांग्रेस मुक्त भारत बनाने का नारा देते हैं, क्योंकि वे जानते हैं कि जब तक कांग्रेस मौजूद है, तब तक वे ऐसा नहीं कर सकते। हम ऐसा नहीं होने देंगे और इसके लिए लगातार लड़ाई जारी रखेंगे. अध्यक्ष पद की जिम्मेदीरी संभालने के तुरंत बाद खड़गे पूरे एक्शन में दिखे, उन्होंने बड़ा ऐलान किया है। जिसमें कहा है कि 50 साल से कम उम्र के नेता पार्टी के 50 फीसदी पदों की कमान संभालेंगे. वहीं मल्लिकार्जुन खड़गे को नई टीम बनाने की स्वतंत्रता देने के लिए सभी CWC,AICC General Secretaries ने इस्तीफ़े दे दिए हैं. अब ये कयास लगाए जा रहे हैं कि नए चेहरे बताएंगे कि खड़गे कितने ताकतवर कांग्रेस अध्यक्ष हैं. तो वहीं CWC में जिसे जगह मिलेगी उसी से पता चलेगा कि राजस्थान से किस गुट का पलड़ा अब दिल्ली में भारी है.
