कोरोना ( CORONA) के बढ़ते मामले के बीच भारत में वैक्सीनेशन का कार्य तेजी पर है. इसी के मद्देनजर 1 जनवरी से भारत में 15 से 18 साल के बच्चों के लिए कोरोना वैक्सीन का रजिस्ट्रेशन शुरू हो रहा है. टीकाकरण के लिए कोविन पोर्टल पर पंजीकरण शुरू हो रहा है. बता दें कि राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक 145.16 करोड़ टीके की खुराक दी जा चुकी है .
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने क्रिसमस पर घोषणा की थी कि, देश में 15 से 18 साल के सभी बच्चों को कोरोना की वैक्सीन दी जाएगी. इसके लिए शनिवार एक जनवरी से टीकाकरण के लिए कोविन पोर्टल पर पंजीकरण शुरू हो रहा है. पीएम की घोषणा के मुताबिक 3 जनवरी से इस एज ग्रुप के लोगों को वैक्सीन (vaccine) लगाने की शुरुआत कर दी जाएगी.
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा सोमवार को जारी किए गए नए दिशानिर्देशों के अनुसार, 15 से 18 साल के एज ग्रुप के किशोरों के लिए शुरू होने वाले टीकाकरण के लिए सिर्फ ‘कोवैक्सीन’ टीके का विकल्प होगा. हेल्थ मिनिस्टर Dr Mansukh Mandaviya ने ट्वीट कर कहा, “बच्चे सुरक्षित, तो देश का भविष्य सुरक्षित! नववर्ष के अवसर पर आज से 15 से 18 वर्ष की आयु के बच्चों के COVID19 टीकाकरण हेतु COWIN पोर्टल पर रेजिस्ट्रेशन शुरू किए जा रहें है.
मेरा परिजनों से आग्रह है की पात्र बच्चों के टीकाकरण हेतु उनका रेजिस्ट्रेशन करें.”इसके अलावा हेल्थ केयर वर्कर्स, फ्रंटलाइन वर्कर्स और हृदय रोग जैसी कुछ गंभीर बीमारियों से ग्रस्त 60 साल से अधिक उम्र के ऐसे नागरिकों को वैक्सीन की तीसरी डोज देने का क्रम दूसरी डोज लगाए जाने की तारीख से 9 महीने या 39 सप्ताह पूरे होने पर आधारित होगा.
